Monday, June 29, 2020

सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद अपने बेटे को लेकर डर गए हैं शेखर सुमन, कहा- अध्ययन को लेकर काफी चिंतित हो गया हूं

सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद अब शेखर सुमन ने अपने बेटे अध्ययन सुमन के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि सुशांत के निधन के बाद वह अपने बेटे को लेकर डर गए हैं।
शेखर ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा, 'मैं सुशांत के पिता का दर्द महसूस कर सकता हूं क्योंकि उनकी तरह मेरा बेटा अध्ययन भी डिप्रेशन से गुजर चुका है। फिल्म इंडस्ट्री ने उसके लिए कई मुश्किलें खड़ी की। एक बार उसने मुझसे कहा कि उसके दिमाग में आत्महत्या करने का विचार आ रहा है।'
शेखर ने बताया कि जब अध्ययन ने खुदकुशी की बात कही, तो वह हैरान रह गए। उन्हें डर भी लगने लगा था। तब उन्होंने अध्ययन को समझाया कि जिंदगी लड़ने का नाम है।
शेखर ने कहा, 'हमने फिर अध्ययन को अकेला नहीं छोड़ा। परिवार के सदस्य अध्ययन के आसपास रहते हैं।'
शेखर ने बताया कि कई बार वह सुबह 4 बजे उठकर अध्ययन के कमरे में जाकर उन्हें देखते थे। उन्होंने कभी हार नहीं मानी और अधयन के साथ मजबूती से खड़े रहे।
शेखर आगे कहते हैं, 'मेरे बेटे को उसकी लाइफ के बुरे दौर से निकालना मेरे लिए काफी मुश्किल था, लेकिन अब, सुशांत की मौत के बाद से मैं डर गया हूं और एक बार फिर चिंतित हो गया हूं।'
सुशांत के पिता से मिलने पटना के लिए रवाना होंगे शेखर
शेखर ने ट्वीट किया, 'मैं अपने होमटाउन पटना जा रहा हूं, सुशांत के पिता से मिलने और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी। गुजारिश करूंगा कि सुशांत के केस में सीबीआई जांच हो और उसे इंसाफ मिल सके'।
बता दें कि सुशांत की मौत के बाद से ही शेखर सुमन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हो गए हैं। सुशांत सुसाइड मामले में दोबारा जांच की मांग कर रहे हैं। हालांकि, सुशांत की फाइनल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में आया है कि यह खुदकुशी का मामला है और उनकी मौत दम घुटने से हुई है। लेकिन एक्टर शेखर सुमन इस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के खिलाफ अपनी आवाज उठा रहे हैं।