सुशांत सिंह राजपूत की मौत को अब 15 दिन से ज्यादा का समय बीत चुका है लेकिन अब भी लगातार लोग उन्हें याद कर रहे हैं। कई लोगों को अब तक उनके जाने का विश्वास नहीं हो रहा है। खासकर उनके करीबी दोस्त और परिवार वाले इस सदमे से नहीं निकल पा रहे। हाल हीं सुशांत के सबसे अच्छे दोस्तों में से एक कास्टिंग निर्देशक मुकेश छाबड़ा ने उन्हें याद करते हुए एक भावुक पोस्ट लिखी।
मुकेश छाबड़ा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें सुशांत के बॉलीवुड सफर को उनकी पहली फिल्म काय पो छे से लेकर छिछोरे तक के सफर को दिखाया गया है।

इसे साझा करते हुए मुकेश छाबड़ा ने लिखा है, 'एक लड़का जो कभी भी किसी भी ऑडिशन में असफल नहीं हुआ, उसने स्क्रीन पर अपनी प्रतिभा से लाखों दिलों को छुआ और हमारे दिलों में हमेशा के लिए रहने का फैसला किया... यहां टीम एमसीसीसी की तरफ से सुशांत सिंह राजपूत और उनकी यात्रा के लिए एक श्रद्धांजलि है, जिसे हमेशा स्नेह मिलेगा और इसे हमेशा सेलिब्रेट किया जाएगा।'

हाल ही में मुकेश छाबड़ा से पुलिस ने पूछताछ की थी। सात घंटे तक चली इस पूछताछ में मुकेश छाबड़ा से पुलिस ने कई सवाल पूछे थे। मुकेश छाबड़ा ने पुलिस को बताया कि वह सुशांत को एक फिल्म में डायरेक्ट कर चुके हैं। फिल्म जल्द ही रिलीज होने वाली है। मुकेश ने बताया कि सुशांत काफी बेहतरीन कलाकार थे।

सुशांत की आखिरी फिल्म दिल बेचारा जलद ही ओटीटी पर रिलीज होने वाली है। इस फिल्म के निर्देशक मुकेश छाबड़ा ही हैं। ये हॉलीवुड फिल्म फॉल्ट इन अवर स्टार्स का आधिकारिक हिंदी रीमेक है। इस फिल्म को पहले किजी और मैनी के नाम से बनाया जा रहा था।