Sunday, June 28, 2020

सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामला: रिया चक्रवर्ती के भाई शौविक पर कसा पुलिस का शिकंजा, पूछताछ के लिए बुलाया

बॉलीवुड स्टार सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या की गुत्थी को सुलझाने में मुंबई पुलिस जी-जान से लगी हुई है। इस बीच सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने करीब 27 लोगों से पूछताछ कर ली है। इस बारे में बीते दिन ही मुंबई पुलिस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी थी। साथ ही ये भरोसा भी दिलाया था कि मुंबई पुलिस इस केस को बेहद सतर्कता से हैंडल कर रही है। इसके बाद से दिवंगत एक्टर के चाहने वालों में उम्मीद जगी है कि जांच के बाद जल्दी ही सच सबके सामने आ जाएगा। 



इस बीच एक अहम जानकारी सामने ये आ रही है कि मुंबई पुलिस ने सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या मामले में उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती के भाई शौविक को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। इस बारे में एंटरटेनमेंट पोर्ट्ल पीपिंगमून की हालिया रिपोर्ट से जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट की मानें तो रिया चक्रवर्ती के भाई शौविक को उन कंपनियों से जुड़ी जानकारी मुंबई पुलिस को देनी है जो उन्होंने साल 2019 में सुशांत सिंह राजपूत के साथ मिलकर शुरू की थी। सुशांत सिंह राजपूत की ओर से शुरू की गई इन कंपनियों में रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शौविक पार्टनर थे। अब इन कंपनियों से जुड़ी जानकारियों का पता लगाने के लिए मुंबई पुलिस ने शौविक चक्रवर्ती को बुलाया है जहां उन्हें आकर अपना बयान दर्ज कराना है।